सुल्तानपुर– अखिल भारतीय विद्या भारती से सम्बद्ध भारतीय शिक्षा समिति उत्तर प्रदेश के प्रदेश निरीक्षक रामजी सिंह ने आज यहॉ वंदना सभा को संबोधित करते हुए कहाकि छात्रों को हमेशा बड़े सपने देखना चाहिए, छोटे सपने देखने वाले अपने साथ अन्याय करते हैं।
सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, विवेकानंदनगर, सुल्तानपुर में निरीक्षण पर प्रदेश निरीक्षक श्री राम जी सिंह ने कहाकि शिक्षक मूर्तिकार की भूमिका में होता है। जो विद्यार्थी इनके छेनी हथौड़ी के कष्ट को सह लेता है वह सुंदर मूर्ति की तरह समाज में निखरकर स्थापित होता है। जो कष्ट सहने से भागता है वह जीवन में सिर्फ पछताता है। इस पर उन्होंने एक कहानी भी विद्यार्थियों को सुनाई। उन्होंने छात्रों का आह्वान किया कि वह सुबह वंदना सभा के समय को यू ही जाया न करें बल्कि पूरे ध्यान से ईश्वर की आराधना करें। जिसका परिणाम यह होगा कि दिन भर पढ़ने में एकाग्रता रहेगी। जिसे विद्यार्थी स्वयं महसूस करेंगे। श्री सिंह ने आज जन्मदिन वाले छात्र छात्राओं को तिलक लगाकर दीर्घायु की शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर संभाग निरीक्षक गोपाल तिवारी, संकुल प्रधानाचार्य अवधेश सिंह आदि मौजूद रहें। संचालन वरिष्ठ आचार्य राज नारायण शर्मा ने किया तथा अतिथियों का स्वागत वरिष्ठ आचार्य सूर्य प्रताप सिंह ने अंगवस्त्रम, ओम प्रकाश सिंह ने प्रतीक चिन्ह तथा राज नारायण शर्मा ने प्रदेश निरीक्षक को गीता भेंट किया।
सुल्तानपुर से सुनील राठौर की रिपोर्ट