रायबरेली:बलिया का रुख कर रहे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को सलोन में रायबरेली पुलिस ने रोका सोमवार को बलिया के पत्रकार रतन सिंह की हत्या के बाद कांग्रेस का प्रदेश सरकार पर लगातार हमलों का रुख और तीव्र होता दिख रहा है।
पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्वीट करते हुए इस मसले पर सरकार को घेरा है।साथ ही प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू भी बलिया जाने के लिए आज निकले थे पर रायबरेली – प्रतापगढ़ की सीमा के नज़दीक सलोन के टोल प्लाजा पर पुलिस ने उनको रोक लिया। फिलहाल उन्हें आगे जाने की इजाजत नही दी।
मंगलवार को लखनऊ से प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू रायबरेली के रास्ते बलिया रवाना हो रहे थे।इसी बीच शहर मुख्यालय से करीब 45 किमी दूर सलोन टोल प्लाजा के नज़दीक रोका। जानकारी के मुताबिक अजय कुमार लल्लू को आगे बढ़ने से रोकते हुए सलोन पुलिस ने फिलहाल उन्हें अपनी कस्टडी में रखा हुआ है।वही जिले भर के कांग्रेसी प्रदेश अध्यक्ष को रोके जाने की खबर पाकर सलोन का रुख कर चुके है। पुलिस ने भी मामले को तूल पकड़ते देख सुरक्षा के चाक चौबंद बंदोबस्त कर लिए है जिससे कि किसी भी तरह की कोई अप्रिय घटना न हो सके। इस दौरान लल्लू की मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों से कहा सुनी भी हुई।