महराजगंज/रायबरेली: रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया अंबेडकर के प्रदेश अध्यक्ष बाल किशुन गुप्ता के नेतृत्व में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों की एक बैठक यहां महराजगंज में संपन्न हुई। जिसमें निर्णय लिया गया कि, प्रदेश में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी सरकार को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाने के लिए निर्णायक जंग समाजवादी पार्टी की अगुवाई में बने मोर्चे द्वारा लड़ा जा रहा है। पार्टी कार्यकर्ता तन मन धन से समाजवादी पार्टी का सहयोग करते हुए पांचवें चरण के मतदान में अपना पूरा जोर लगा दे। जिन जिन स्थानों पर पांचवें चरण का मतदान हो रहा है वहां समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों को जिताने में पूरा योगदान लगा दे।
आपको बता दें कि, यहां कस्बे में संपन्न एक बैठक में बोलते हुए बालकिशुन गुप्ता ने कहा कि, भारतीय जनता पार्टी के राज में जिस तरह दलितों पिछड़ों अल्पसंख्यकों महिलाओं और समाज के कमजोर वर्गों का उत्पीड़न हुआ है वह जगजाहिर है। प्रदेश की जनता भाजपा सरकारों के काले कारनामों से त्रस्त हो चुकी है जिसका परिणाम सामने आया, तो विगत 4 चरणों के मतदान में प्रदेश के मतदाताओं ने भाजपा को सत्ता से बाहर करने के लिए समाजवादी पार्टी के पक्ष में जमकर मतदान किया है। अब पांचवें चरण का मतदान काफी महत्व रखता है।
उन्होंने कहा कि, समाजवादी पार्टी का दबदबा बनाए रखने के लिए कार्यकर्ताओं को चुनाव क्षेत्रों में जाकर काम करना है। जहां पर पांचवें चरण का मतदान होना है।
इसी क्रम में पार्टी की महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष मोनिका अल्फ्रेड ने कहा कि, अब तक के हुए मतदान में महिलाओं ने मुखर होकर भाजपा का जमकर विरोध किया है। उन्होंने भाजपा सरकार में हाथरस में दलित महिला के साथ बलात्कार करके उसे जिंदा जलाने के मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि, यह सब सत्ता के इशारे पर किया गया था, और मुस्लिम महिला मतदाताओं के लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया। स्कूलों में पढ़ाई बंद कर छात्रों का भविष्य चौपट करने का षड्यंत्र भी भाजपा ने किया। उन्होंने पेट्रोल और डीजल की बढ़ी हुई कीमतों को जनता के लिए अभिशाप बताते हुए कहा कि, भाजपा ने पूरी अर्थव्यवस्था को चौपट कर दिया है। इसलिए महिलाओं को बढ़-चढ़कर भाजपा के खिलाफ मतदान करना चाहिए।
बैठक में प्रदेश सचिव छेदी लाल कोरी, युवा प्रदेश अध्यक्ष हिमांशु राज त्यागी, युवा प्रदेश सचिव सोनू ने भी अपने अपने विचार व्यक्त किए।
इस बैठक में शुभम मौर्य, कुवैत कुरैशी, अमन कुरेशी, अमित कुमार सिंह, जितेंद्र कुमार सिंह, उपेंद्र मौर्य आदि लोग शामिल हुए तथा पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।