मनीष अवस्थी
रायबरेली। शराब काण्ड के मुख्य आरोपी धीरेन्द्र सिंह को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। धीरेन्द्र सिंह के साथ सह आरोपी बनाया गया सेल्समैन रामप्रताप भी पुलिस की गिरफ्त में है। हालांकि दोनों की गिरफ्तारी को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नही की गई है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक एसओजी ने दोनों को ही हिरासत में ले लिया है। माना जा रहा है कि पुलिस दोनों की औपचारिक गिरफ्तारी दिखाने से पहले पुख्ता सुबूत जुटा लेना चाहती है। जिससे मौत के सौदागरों को सख्त सजा दिलाई जा सके। हम बता दें कि महाराजगंज थाना इलाके के पहाड़पुर गांव में 25 जनवरी को अचानक लोगों के मरने की ख़बर आई थी। सुबह होते होते मौतों का आंकड़ा 6 पहुंच गया था। दर्जनों लोग अस्पताल में भर्ती हो गए थे। फिलहाल मौतों का आंकड़ा 9 पहुंच गया है और कई ग्रामीण अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं। जांच में सामने आया था कि शराब ठेकेदार धीरेन्द्र सिंह के ठेके से रामप्रताप सेल्स मैन के ज़रिए ही मृतकों ने शराब खरीदी थी। पुलिस ने धीरेन्द्र सिंह और रामप्रताप के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के साथ ही ठेके को सील कर दिया था।