रिपोर्ट-वाजिद हुसैन
सुल्तानपुर-नवगीतकार अवनीश त्रिपाठी के नवगीत संग्रह “दिन कटे हैं धूप चुनते” को बिहार के प्रतिष्ठित ‘हरिवंश राय बच्चन रजत सम्मान’ के लिए चुना गया है। यह सम्मान उन्हें 25 अगस्त को हिन्दी भाषा साहित्य परिषद् खगड़िया,बिहार के दो दिवसीय 17वें महाधिवेशन “जानकी वल्लभ शास्त्री स्मृति पर्व 2019” के आयोजन के अवसर पर प्रदान किया जाएगा। उक्त पुरस्कार हेतु कुल 26 प्रविष्टियाँ प्राप्त हुई थीं, जिन्हें पीछे करते हुए अवनीश त्रिपाठी के नवगीत संग्रह को सर्वाधिक अंक मिले।विदित हो कि अवनीश त्रिपाठी देश के प्रसिद्ध कवि रामानुज त्रिपाठी के पुत्र हैं और लम्भुआ तहसील के गरयें गाँव के निवासी हैं। वर्तमान में वे इंटर कालेज देवलपुर सहिनवां में अध्यापक के रूप में कार्यरत हैं।अब तक उनकी कविता और नवगीत की दो पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं।इससे पूर्व उन्हें महेश अनघ स्मृति नवगीत सम्मान सहित देश की विभिन्न संस्थाओं से कई सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। इस सम्मान की घोषणा से जिले के साहित्य जगत में प्रसन्नता है। जिले के साहित्यकारों डॉ. शोभनाथ शुक्ल,ओंकारनाथ द्विवेदी,मथुरा प्रसाद सिंह जटायु,आद्या प्रसाद सिंह प्रदीप,राम प्यारे प्रजापति,सुरेशचन्द्र शर्मा,युवा आलोचक ज्ञानेंद्र विक्रम सिंह रवि,देवनारायण शर्मा सहित समस्त क्षेत्रवासियों ने अवनीश त्रिपाठी को हार्दिक बधाई दी है।