शिवगढ़(रायबरेली) सोनभद्र जाते समय उत्तर प्रदेश के वाराणसी – मिर्जापुर बॉर्ड पर प्रियंका गांधी को रोक कर उन्हें हिरासत में लिए जाने की कांग्रेस पार्टी के शिवगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष दिग्विजय सिंह उर्फ मुन्ना भैया ने कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि इसकी जितनी सराहना की जाए उतना कम है। श्री सिंह ने कहा कि घायलों का हाल जानना कहां का गुनाह है सरकार बताए कि प्रियंका गांधी को किस कानून के तहत हिरासत में लिया गया है।
विदित हो कि यूपी के सोनभद्र में जमीन विवाद को लेकर हुए नरसंहार के बाद प्रियंका गांधी शुक्रवार को पीडि़तों का हाल जानने वाराणसी पहुंचीं। इसके बाद सोनभद्र जाने के दौरान उन्हें वाराणसी-मिर्ज़ापुर बार्डर पर नारायणपुर में रोक दिया गया। विरोध में कांग्रेस महासचिव सड़क पर ही धरने पर बैठ गईं। इसके बाद प्रियंका गांधी को हिरासत में ले लिया गया और एसडीएम की गाड़ी में बैठाया गया। इसके बाद पुलिस प्रियंका गांधी को चुनार गेस्ट हाउस ले गई।
इससे पहले बीएचयू के ट्रामा सेंटर में सोनभद्र में हुए नरसंहार के घायलों का हाल जानने शुक्रवार की सुबह करीब 11 बजे प्रियंका गांधी ट्रामा सेंटर पहुंची थीं। पुलिस प्रशासन की तरफ से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। ट्रामा सेंटर के बैक एंट्री गेट से प्रियंका गांधी को हॉस्पिटल में प्रवेश कराया गया। इस दौरान मीडिया को उनसे दूर रखा गया। काफी प्रयास के बाद भी मीडिया बात नहीं कर सकी। प्रियंका गांधी ने चश्मदीद गवाह रामकुमार से घटना की जानकारी ली तथा घायलों का कुशल क्षेम पूछा। घायलों के चोट को भी देखा तथा हर संभव मदद का आश्वासन दिया। विदित हो कि 17 जुलाई को सोनभद्र के उभ्भा गांव में 112 बीघा खेत के लिए दस ग्रामीणों को मौत के घाट उतार दिया गया था। लगभग चार करोड़ रुपए की कीमत की इस जमीन के लिए प्रधान और उसके पक्ष ने ग्रामीणों पर अंधाधुन फायरिंग कर दी थी। इस हादसे में 25 अन्य लोग घायल हो गए थे।